Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भोपाल, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को मुरैना, भिंड, दमोह और कटनी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राजधानी भोपाल, सीहोर और रायसेन में सोमवार रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली है और किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई है।
मौसम विभाग के अनुसार राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा और खरगोन में भी बारिश की संभावना है। इसके अलावा उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, नीमच, मंदसौर और रतलाम में बारिश की संभावना नहीं है और यहां मौसम साफ रहने का अनुमान है।
उमरिया में अच्छी बारिश की कामना के लिए भजन-कीर्तन
उमरिया जिले में सामान्य से कम बारिश होने के कारण ग्रामीणों ने वर्षा की कामना के लिए मानपुर क्षेत्र के चिल्हारी स्थित पहाड़ी हनुमान मंदिर में 24 घंटे का अखंड भजन-कीर्तन आयोजित किया। जिले में अब तक करीब 11.2 इंच बारिश दर्ज की गई है।
रायसेन में 18 दिन बाद बरसे बादल
रायसेन जिले में मानसून आने के बाद भी करीब 18 दिनों तक बारिश नहीं हुई थी। इससे धान की बोवनी प्रभावित हो गई थी और खेतों में दरारें पड़ने लगी थीं। सोमवार रात शुरू हुई बारिश से खेतों में दोबारा पानी भर गया, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली। सांची रोड पर जलभराव और वाहनों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं, जबकि आसपास की पहाड़ियों पर झरने फिर से बहने लगे।
इसके अलावा सीहोर जिले में करीब 13 दिनों के लंबे इंतजार के बाद रात करीब एक बजे से बारिश शुरू हुई, जो लगातार कई घंटों तक जारी रही। करीब आठ घंटे तक हुई बारिश से जिले में मौसम सुहावना हो गया और खेती-किसानी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने लगी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत