Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 20 जुलाई (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग की पीटी परीक्षा के रिजल्ट और कट ऑफ पर भारतीय जनता पार्टी ने सवाल उठाया है और आंदोलन की चेतावनी दी है। सोमवार को पलामू परिसदन में डालटनगंज के विधायक आलोक चौरसिया, भाजपा के पलामू जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, भाजयुमो जिला अध्यक्ष विपुल गुप्ता ने रिजल्ट को लेकर सरकार और जेपीएससी पर कई सवाल भी उठाए।
विधायक आलोक चौरसिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड की सभी एजेंसियां भ्रष्ट हो गई हैं। राजकीय शैक्षणिक व्यवस्था रसातल (पाताल) में चली गई है जिसे ठीक करना एक बड़ी चुनौती है। जेपीएससी का रिजल्ट झारखंड की स्थिति की कहानी बताता है।
विधायक ने कहा कि इस मामले काे लेकर भारतीय जनता पार्टी चुप नहीं बैठने वाली है और आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई को जेपीएससी कार्यालय घेराव में पलामू से बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता युवा आंदोलन के लिए रांची जाएंगे।
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि झारखंड में अबुआ नहीं बबुआ की सरकार है। जेपीएससी की परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हो रही है और देखने वाला कोई नहीं है। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष डॉ विपुल गुप्ता ने कहा कि आंदोलन की तैयारी पूरी कर ली गई है। जेपीएससी भ्रष्ट हो गई है और छात्रों की किसी बात को सुना नहीं जा रहा है। 22 जुलाई का कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। इसे सफल बनाने का एवं तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का निर्णय लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार