Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 20 जुलाई (हि.स.)। रांची नगर निगम की ओर से भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होने वाले डूरंड कप मुकाबलों की तैयारियों के तहत सोमवार को मोरहाबादी क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान होटल पार्क प्राइम से टीआरआई और अंतु चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए गए। सरकारी भूमि को भी कब्जामुक्त कराया गया।
इस अवसर पर अभियान निरीक्षण अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी भूमि पर दोबारा अतिक्रमण न होने पाए और नियमित निगरानी रखकर नए कब्जों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। नगर निगम की टीम ने छह अस्थायी संरचनाएं, बैरिकेडिंग, अवैध होर्डिंग, विज्ञापन बोर्ड, ठेला-खोमचे और अन्य अवैध अतिक्रमण हटाए। एक निजी प्ले स्कूल की ओर से सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। इसके अलावा अवैध टाइल्स फ्लोरिंग तोड़ी गई और झाड़ियों की सफाई कर क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया।
डूरंड कप के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के आने की संभावना को देखते हुए होटल पार्क प्राइम से वेंडिंग जोन-2 मोड़ तक खाली कराई गई सरकारी भूमि को अस्थायी पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही मोरहाबादी क्षेत्र को प्रतियोगिता तक अतिक्रमण मुक्त रखने, सड़क किनारे पेड़ों की ट्रिमिंग, डालियों की छंटाई और प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar