Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर के सबसे तेजी से उभरते इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट ओरिएंटल कप के चौथे संस्करण का आधिकारिक ऐलान बुधवार को एयरोसिटी स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया गया।
प्रतियोगिता 7 से 16 जुलाई तक नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसमें दिल्ली-एनसीआर के 45 से अधिक स्कूलों की टीमें हिस्सा लेंगी।
इस बार का ओरिएंटल कप अपने इतिहास का सबसे बड़ा और सबसे प्रतिस्पर्धी संस्करण होगा। आयोजकों ने कुल पुरस्कार राशि को पिछले संस्करणों की तुलना में दोगुने से अधिक बढ़ाया है। साथ ही पहली बार 2.5 लाख रुपये की छात्रवृत्ति योजना शुरू की गई है, जिसके तहत 10 प्रतिभाशाली छात्र-खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
टूर्नामेंट में 1,500 से अधिक छात्र-खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है। प्रतियोगिता के दौरान 50 से अधिक मुकाबले खेले जाएंगे। लड़कों के अंडर-17 वर्ग में 25 से अधिक और लड़कियों के अंडर-19 वर्ग में 16 से अधिक टीमें भाग लेंगी, जिससे युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध होगा।
ओरिएंटल कप के संस्थापक फरीद बख्शी ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए नए अवसर तैयार करना है।
उन्होंने कहा, इस वर्ष हमने पुरस्कार राशि को दोगुने से अधिक बढ़ाया है और 10 योग्य छात्र-खिलाड़ियों के लिए 2.5 लाख रुपये की छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। यह युवा प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमें इस बात की भी खुशी है कि लड़कियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। पहले संस्करण की तुलना में लड़कियों की टीमों की संख्या अब दोगुनी हो चुकी है और वे कुल प्रतिभागी टीमों का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा हैं। हमारा लक्ष्य ओरिएंटल कप को भारत की सबसे प्रतिष्ठित इंटर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिताओं में शामिल करना है।
लड़कियों की भागीदारी पर विशेष फोकस
आयोजकों ने बताया कि ओरिएंटल कप शुरुआत से ही लड़कों और लड़कियों को समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर देता रहा है। आने वाले वर्षों में लड़कियों की भागीदारी को और बढ़ाने तथा जमीनी स्तर पर महिला फुटबॉल को मजबूत करने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
प्रमुख सहयोगी संस्थाएं
इस वर्ष प्रतियोगिता को कई प्रतिष्ठित संस्थाओं का सहयोग प्राप्त है—
ओरिएंटल स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड – टाइटल स्पॉन्सर
निविया स्पोर्ट्स – फुटबॉल पार्टनर
ओशन बेवरेजेस – हाइड्रेशन पार्टनर
सेंट्रल पार्क रिजॉर्ट्स – एसोसिएट पार्टनर
ओरिएंटल स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि शांतनु मजूमदार ने कहा कि युवा खिलाड़ियों को अवसर देना भविष्य में निवेश करने जैसा है।उन्होंने कहा,हमारा मानना है कि खेलों में निवेश देश के युवाओं के भविष्य में निवेश है। ओरिएंटल कप युवा प्रतिभाओं को पेशेवर मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सेंट्रल पार्क रिजॉर्ट्स के प्रतिनिधि विशाल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा,ओरिएंटल कप केवल एक फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को उड़ान देने का मंच है। खेल अनुशासन, नेतृत्व, धैर्य और टीमवर्क जैसे जीवन मूल्यों को विकसित करता है। जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण इस सफर में बनने वाला व्यक्तित्व है।
तीन वर्षों में लगातार बढ़ा टूर्नामेंट का दायरा
2023 में शुरू हुए ओरिएंटल कप ने कम समय में स्कूल फुटबॉल की प्रमुख प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाई है। अब तक के तीन संस्करणों में यह प्रतियोगिता 55 से अधिक स्कूलों और सामाजिक संस्थाओं को जोड़ चुकी है। 2,700 से अधिक छात्र-खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच दे चुकी है। 80 से अधिक मुकाबलों का सफल आयोजन कर चुकी है। लगातार बढ़ती भागीदारी और स्कूलों के मजबूत समर्थन के साथ ओरिएंटल कप अब देश के सबसे संभावनाशील इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंटों में शामिल हो चुका है।
आयोजकों का मानना है कि ओरिएंटल कप 2026 युवा खिलाड़ियों को पेशेवर माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा, जहां वे कोचों, अभिभावकों, स्कूल प्रतिनिधियों और फुटबॉल समुदाय के सामने अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे