एंडी बर्नहम बने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री, जेलेंस्की ने दी बधाई
लंदन, 20 जुलाई (हि.स.)। ब्रिटेन की लेबर पार्टी के नेता एंडी बर्नहम ने सोमवार को आधिकारिक रूप से देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया। किंग चार्ल्स तृतीय ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया, जिसके बाद उन्होंने कीयर स्टार्मर का स्थान ल
एंडी बर्नहम बने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री, जेलेंस्की ने दी बधाई


लंदन, 20 जुलाई (हि.स.)। ब्रिटेन की लेबर पार्टी के नेता एंडी बर्नहम ने सोमवार को आधिकारिक रूप से देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया। किंग चार्ल्स तृतीय ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया, जिसके बाद उन्होंने कीयर स्टार्मर का स्थान लिया। स्टार्मर ने इससे पहले अपना इस्तीफा राजा को सौंप दिया था।

पदभार ग्रहण करने के बाद 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर अपने पहले संबोधन में बर्नहम ने कहा कि वर्ष 2016 के बाद वह ब्रिटेन के सातवें प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले वर्षों में राजनीतिक नेतृत्व जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा नहीं उतर सका और वादा किया कि उनकी सरकार एक नया राजनीतिक और आर्थिक मॉडल लेकर आएगी।

बर्नहम ने कहा कि उनकी सरकार सत्ता के केंद्रीकरण को कम कर देश के हर क्षेत्र तक निर्णय लेने की प्रक्रिया पहुंचाएगी। उन्होंने ब्रिटेन के पुनः औद्योगिकीकरण, आर्थिक विकास और आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं को अधिक मजबूत सार्वजनिक नियंत्रण में लाने का भी संकल्प जताया।

एंडी बर्नहम इससे पहले संस्कृति मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर रह चुके हैं। वर्ष 2010 और 2015 में लेबर पार्टी के नेतृत्व की दौड़ में असफल रहने के बाद उन्होंने जून में मैक्ल्सफील्ड उपचुनाव जीतकर संसद में वापसी की और 17 जुलाई को लेबर पार्टी के नए नेता चुने गए।

इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एंडी बर्नहम को प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि ब्रिटेन वैश्विक नेतृत्व करने वाले देशों में से एक रहा है और यूक्रेन दोनों देशों के बीच रक्षा, राजनीतिक तथा साझा मूल्यों पर आधारित सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। जेलेंस्की ने कहा कि वह बर्नहम से जल्द बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं और दोनों देशों के संबंध पहले से अधिक मजबूत होंगे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय