Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पश्चिम बर्दवान, 19 जुलाई (हि. स.)। मैथन के लेफ्ट बैंक क्षेत्र में दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान रविवार को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब डीवीसी के अधिकारी सुरक्षा बल और राज्य पुलिस की भारी मौजूदगी के साथ इलाके में पहुंचे। कार्रवाई के विरोध में स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीवीसी लेफ्ट बैंक क्षेत्र में अपने लगभग 110 पुराने क्वार्टरों को हटाने का अभियान चला रहा है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि डीवीसी केवल अपने पुराने क्वार्टर ही नहीं, बल्कि निजी मकानों और दुकानों को भी बिना किसी पूर्व सूचना और कानूनी नोटिस के तोड़ने की तैयारी कर रहा है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अधिकारियों ने मकान और दुकान मालिकों को तत्काल जगह खाली करने की चेतावनी दी, जबकि उन्हें कोई कानूनी नोटिस नहीं दिया गया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि डीवीसी के अधिकारी बिना पूर्व सूचना लोगों को डरा-धमकाकर हटाने का प्रयास कर रहे हैं।
लोगों ने डीवीसी को चुनौती देते हुए कहा कि पहले यह साबित किया जाए कि जिन मकानों और दुकानों को हटाया जा रहा है, वह जमीन वास्तव में डीवीसी की है। उनका कहना था कि अधिकांश परिवार पिछले करीब 50 वर्षों से इस इलाके में रह रहे हैं और यहीं घर बनाकर तथा दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में अचानक उन्हें बेदखल करने से उनके सामने आजीविका और अस्तित्व का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और सड़क पर ही डीवीसी अधिकारियों तथा प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत करवाई।
वार्ता के दौरान डीवीसी अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि बिना कानूनी नोटिस के फिलहाल किसी भी निजी मकान या दुकान को नहीं तोड़ा जाएगा। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और पथावरोध समाप्त कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा