Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम बर्दवान, 19 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार में अर्बन डेवलपमेंट एवं म्युनिसिपल अफेयर्स मंत्री अग्निमित्रा पाल ने रविवार को डामरा पंप हाउस से 10 नंबर डंगाल तथा मोहिशीला ओवरहेड रिजर्वायर तक नई पाइपलाइन बिछाने की परियोजना का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने डामरा पंप हाउस में इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया।
इस अवसर पर पश्चिम वर्दवान जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम, आसनसोल नगर निगम के अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने परियोजना का शिलापट्ट का अनावरण कर कार्य का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश के हर घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचे। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले भी अमृत परियोजना के तहत राज्य को करोड़ों रुपये उपलब्ध कराए गए थे ताकि लोगों के घरों तक पेयजल पहुंचाया जा सके, लेकिन उस राशि का समुचित उपयोग नहीं हुआ और लोगों को उसका लाभ नहीं मिल सका।
उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में डबल इंजन की सरकार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करने के लिए तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आसनसोल के हजारों लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा मिल सकेगी।
पूर्ववर्ती सरकार द्वारा पानी की कमी के लिए डीवीसी को जिम्मेदार ठहराए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए हमेशा केंद्र सरकार पर आरोप लगाती रही। अब उनकी सरकार अतीत की बातों में समय नष्ट करने के बजाय जनता के हित में सकारात्मक और विकासोन्मुख कार्यों पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य लोगों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा