Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 16 जुलाई (हि.स.)। झारखंड के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदला रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 17 और 18 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही 20 जुलाई तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई को राज्य के दक्षिणी और मध्यवर्ती भाग के खूंटी और गुमला जिलों के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं 18 जुलाई को मध्यवर्ती एवं उत्तर-पश्चिम से सटे लातेहार और चतरा जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
विभाग ने बताया कि 20 जुलाई तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना बनी रहेगी। इसे देखते हुए किसानों, खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों तथा आम नागरिकों को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 66 मिलीमीटर वर्षा पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझरी में दर्ज की गई। इसी अवधि में सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 36.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार सुबह से बादल छाए रहे तथा हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने से गर्मी और उमस का असर महसूस किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 35 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.8 डिग्री और न्यूनतम 24.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.4 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने, बीच-बीच में बारिश होने और कहीं-कहीं भारी वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak