Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। शिवसेना (उद्धव ठाकरे) गुट छोड़कर हाल ही में शिवसेना में शामिल हुए छह सांसदों ने मंगलवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शिवसेना संसदीय दल के नेता डॉ. श्रीकांत शिंदे भी मौजूद रहे। बैठक में छह सांसदों के संसदीय क्षेत्रों में लंबित विकास परियोजनाओं में तेजी लाने पर विस्तार से चर्चा हुई। केंद्र प्रायोजित योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन, समय पर धनराशि उपलब्ध कराने और बुनियादी ढांचा विकास कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सांसदों का स्वागत करते हुए उनके संसदीय क्षेत्रों में विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के लिए धनराशि या किसी भी प्रकार की केंद्रीय सहायता की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
अमित शाह से मुलाकात के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए एकनाथ शिंदे ने बताया कि यह एक सौहार्दपूर्ण मुलाकात थी। उन्होंने कहा यह एक गुडविल विजिट थी। हमारे छह सांसद भी वहां थे। बैठक हुई और चर्चा उनके संसदीय क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों पर केंद्रित रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी