Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चंडीगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में बीती रात बेअदबी केस के एक आरोपित की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और एक हाथ काट दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंडी गोबिंदगढ़ के गांव लाडपुर तूरां स्थित गुरुद्वारा साहिब में 6 साल पुराने बेअदबी केस का आरोपित मेवा सिंह जमानत पर जेल से छूटकर आया था। पुलिस को दिए बयान में मृतक की बेटी ने कहा कि उसके पिता वाशरूम के लिए कमरे से बाहर निकले। फिर उनकी चिल्लाने की आवाज आई, तो परिवार के सदस्य उठ गए। कुछ लोग उसके पिता को मार रहे थे। जब उन्होंने बचाव का प्रयास किया, तो उन पर भी हमला कर दिया गया। शोर सुनकर पड़ोसी आए तो हमलावर वहां से भाग गए। बेटी ने कहा कि पहले किसी से कोई विवाद जैसी कोई बात नहीं थी। गांव में हमारी कोई रंजिश नहीं है।
पुलिस के मुताबिक मेवा सिंह के खिलाफ अक्टूबर, 2020 में गांव तुरां स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने का आरोप लगा था। इसके बाद उसके खिलाफ मंडी गोबिंदगढ़ थाने केस दर्ज कराया गया था। मेवा सिंह को वर्ष 2020 में बेअदबी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में वह करीब एक वर्ष तक जेल में रहा, जिसके बाद उसे जमानत मिल गई थी। जमानत पर रिहा होने के बाद मामले का ट्रायल लगातार चल रहा था। मेवा सिंह बेअदबी के मामले में दो बार जेल जा चुका था और फिलहाल जमानत पर बाहर था। गवाहों के चलते उसे अंतिम राहत नहीं मिली थी।
डीएसपी बिक्रमजीत सिंह घुम्मण ने कहा कि मेवा सिंह की बेहद बेरहमी से हत्या की गई है। उसके शरीर पर तेजधार हथियारों से कई वार किए गए, जिनके कारण उसकी मौत हुई। पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH