Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। उद्योगपति और मीडिया समूह 'जी' के संस्थापक सुभाष चंद्रा ने सोमवार को जानकारी दी कि उनके पिता नंद किशोर गोयनका का 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुभाष चंद्र ने लिखा कि उनके पिता ने सोमवार सुबह अंतिम सांस ली। उन्होंने कहा कि परिवार इस क्षति से दुखी है, लेकिन वह अपने पिता के 96 वर्षों के प्रेरणादायी जीवन का उत्सव मनाना चाहते हैं।
अपने संदेश में उन्होंने बताया कि नंद किशोर गोयनका का जीवन समाज सेवा, गौ सेवा और राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। उन्होंने उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का समर्पित स्वयंसेवक बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक और राष्ट्रीय कार्यों में लगाया।
सुभाष चंद्र ने लिखा कि उनके पिता का जीवन सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति का उदाहरण था। उन्होंने शोक के बीच उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि परिवार उनके आदर्शों और मूल्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगा।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय