संशोधित : मोशरफ हुसैन के इस्तीफे से तृणमूल में बढ़ी सियासी हलचल
(पहले पैरा में संशोधन के साथ पुनः जारी) कोलकाता, 21 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर इटाहार के विधायक मोशरफ हुसैन ने राज्य की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। उनक
इटाहार के विधायक मोशरफ हुसैन


(पहले पैरा में संशोधन के साथ पुनः जारी)

कोलकाता, 21 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर इटाहार के विधायक मोशरफ हुसैन ने राज्य की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। उनके इस फैसले के बाद पार्टी के भीतर ही कई तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सोमवार को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान वह विपक्षी खेमे के साथ नजर आ सकते हैं।

मोशरफ हुसैन इस बार विधानसभा चुनाव में दूसरी बार इटाहार सीट से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर जीतकर विधायक बने हैं। पिछले कुछ वर्षों में पार्टी के युवा चेहरे के तौर पर उनका तेजी से उभार हुआ था। लंबे समय से राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि तृणमूल के अल्पसंख्यक संगठन में उनकी लोकप्रियता और प्रभाव बहुत तेजी से बढ़ा है।

साल 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता अमल आचार्य की जगह मोशरफ को इटाहार सीट से उम्मीदवार बनाया था। चुनाव जीतने के बाद विधानसभा में उनके भाषण और संगठनात्मक सक्रियता ने पार्टी नेतृत्व का ध्यान खींचा। खासकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी के नेता अभिषेक बनर्जी के करीबी नेताओं में उनका नाम लिया जाता था।

पार्टी के कई वरिष्ठ अल्पसंख्यक नेताओं को पीछे छोड़ते हुए केवल 30 वर्ष की उम्र में उन्हें अल्पसंख्यक सेल का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। इसके साथ ही उन्हें अल्पसंख्यक वित्त निगम का चेयरमैन पद भी सौंपा गया था। इससे संगठन के भीतर उनका महत्व लगातार बढ़ा था।

अब मोशरफ हुसैन के इस्तीफे और बागी खेमे में जाने के संकेत ने तृणमूल नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ऐसे समय में जब राज्य की राजनीति में अल्पसंख्यक वोट बैंक को लेकर नए समीकरण बन रहे हैं, तब उनका यह कदम तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।

माना जा रहा है कि सोमवार को विधानसभा के बजट सत्र में मोशरफ हुसैन की अगली राजनीतिक भूमिका को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा