वायरल वीडियो की जांच में खुलासा: बच्चे पर पानी डालने वाला व्यक्ति निकला पिता, मानसिक तनाव से गुजर रहा
नई दिल्ली, 15 जून (हि.स.)। सोशल मीडिया पर एक बच्चे पर पानी डालने का वीडियो वायरल होने के बाद पश्चिमी जिला पुलिस ने मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति बच्चे का पिता है, जो हाल ही में हुए वैवाहिक विवाद और तलाक के
वायरल वीडियो की जांच में खुलासा: बच्चे पर पानी डालने वाला व्यक्ति निकला पिता, मानसिक तनाव से गुजर रहा


नई दिल्ली, 15 जून (हि.स.)। सोशल मीडिया पर एक बच्चे पर पानी डालने का वीडियो वायरल होने के बाद पश्चिमी जिला पुलिस ने मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति बच्चे का पिता है, जो हाल ही में हुए वैवाहिक विवाद और तलाक के बाद मानसिक तनाव से गुजर रहा है। पुलिस ने बताया कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और उसे उसकी मां को सौंप दिया गया है।

पश्चिमी जिला पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की तत्काल जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति रघुबीर नगर निवासी अरुण (30) है, जो बच्चे का पिता है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अरुण हाल ही में हुए वैवाहिक विवाद और तलाक के बाद से व्यक्तिगत और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहा है। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए परिवार के सदस्यों ने उसे उपचार और देखभाल के लिए एक पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया है। पुलिस ने बताया कि घटना के समय बच्चे को किसी तरह की शारीरिक क्षति नहीं पहुंची। जांच के दौरान बच्चा सुरक्षित मिला और परिजनों ने उसे उसकी मां के सुपुर्द कर दिया है।

पश्चिमी जिला पुलिस ने बच्चे की मां से संपर्क किया है। अधिकारियों का कहना है कि थाने में शिकायत मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले वीडियो या संदेशों को बिना सत्यापन के साझा न करें। किसी भी संवेदनशील मामले में तथ्यों की पुष्टि होने तक अफवाहों से बचना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही थीं। हालांकि, पुलिस की जांच में स्पष्ट हुआ है कि मामला पारिवारिक परिस्थितियों और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी