Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

उरई , 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में आज सुबह सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा झांसी-कानपुर नेशनल हाइवे पर कालपी क्षेत्र के जोल्हुपुर गांव के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, एक टवेरा कार सवार परिवार अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन कर ललितपुर लौट रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर पलट गई और उस पर सवार सभी लोग फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचा और कार के दरवाजे को काटकर घायलों और शवों को बाहर निकाला गया।
सभी को नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी चार घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान में जुटी है।
---------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा