Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 18 मई (हि.स.)। भारतीय आर्मरेसलिंग के लिए ऐतिहासिक क्षण में दिल्ली को 47वीं विश्व आर्मरेसलिंग एवं 28वीं पैरा आर्मरेसलिंग चैम्पियनशिप-2026 की मेजबानी सौंपी गई है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 26 अक्टूबर से 7 नवंबर तक दिल्ली के लीला एम्बियंस कन्वेंशन होटल में आयोजित होगी।
इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में 75 से अधिक देशों के करीब 2000 खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है। इसे आर्मरेसलिंग जगत के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में से एक माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इसी लीला एम्बियंस कन्वेंशन होटल में 2025 एशियाई आर्मरेसलिंग एवं पैरा आर्मरेसलिंग चैम्पियनशिप का आयोजन हुआ था, जिसमें भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में कुल 176 पदक जीतकर महाद्वीपीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया था।
विश्व आर्मरेसलिंग महासंघ के अध्यक्ष असेन हाजीतोदोरोव ने कहा, “मैं दुनिया के सभी मजबूत खिलाड़ियों को दिल्ली में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिए आमंत्रित करता हूं। हमें शानदार आयोजन और भारत में अपने मित्रों की बेहतरीन मेजबानी की उम्मीद है। आइए, हम सब मिलकर दिल्ली में इस प्रतियोगिता को यादगार बनाएं।”
पीपल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन इंडिया (पीएएफआई) की अध्यक्ष और एशियन आर्मरेसलिंग फेडरेशन की उपाध्यक्ष प्रीति झंगियानी ने कहा, “विश्व आर्मरेसलिंग एवं पैरा आर्मरेसलिंग चैम्पियनशिप का भारत में आयोजन खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहद गौरवपूर्ण क्षण है। 2025 एशियाई चैम्पियनशिप की शानदार सफलता के बाद हमें पूरा विश्वास है कि दिल्ली एक बार फिर खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रशंसकों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करेगी।”
प्रो पंजा लीग के सह-संस्थापक परवीन डबास ने कहा, “भारत तेजी से वैश्विक आर्मरेसलिंग का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। विश्व चैम्पियनशिप की मेजबानी देश में इस खेल की बढ़ती लोकप्रियता और पीएएफआई व प्रो पंजा लीग की वर्षों की मेहनत का प्रमाण है। एशियाई चैम्पियनशिप के दौरान मिले शानदार समर्थन ने साबित किया कि भारत के पास अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन सफलतापूर्वक कराने के लिए जरूरी आधारभूत संरचना, जुनून और दर्शक मौजूद हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे