अनूपपुर में दो जगह भीषण आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका; कार भी जली
खुले में रखी प्लास्टिक पाइप में लगी भीषण आग, कूलर गोदाम में आग का तांडव
खुले में रखी प्लास्टिक पाइप में लगी भीषण आग


कूलर गोदाम में आग का तांडव


आग की चओट में आई कार जलकर राख्


अनूपपुर, 18 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर भीषण आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। जिला मुख्यालय और जैतहरी नगर में लगी आग से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

पहली घटना जिला मुख्यालय में अमरकंटक रोड स्थित चंदास नदी पुल के पास हुई, जहां खुले मैदान में रखी प्लास्टिक पाइपों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

दूसरी और बड़ी घटना जैतहरी नगर में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात सामने आई, जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित एक कूलर गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखे कूलर, शेड और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि गोदाम विजय शुक्ला का है। आग की चपेट में पास में खड़ी एक कार भी आ गई, जो पूरी तरह जल गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही। बाद में दमकल की टीमों ने घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।

प्राथमिक अनुमान के अनुसार इस आगजनी में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना को लेकर संदेह भी व्यक्त किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, गोदाम में कार्यरत एक कर्मचारी पर जानबूझकर आग लगाने का शक है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी को किसी गलती पर फटकार लगाई गई थी, जिसके बाद उसने कथित तौर पर यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मामले में पुलिस जांच जारी है। नवीन तिवारी ने बताया कि अनूपपुर और जैतहरी दोनों स्थानों पर लगी आग के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला