Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

इटानगर, 16 मई(हि.स.) : अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल केटी परनाइक (सेवानिवृत्त) ने सोमवार को नई दिल्ली में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में विशेष रूप से अरुणाचल प्रदेश की सीमा सुरक्षा, जीवंत ग्राम कार्यक्रम और सीमावर्ती इलाकों में चल रही सद्भावना परियोजनाओं के कार्यान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया।
राज्यपाल ने सीमावर्ती क्षेत्रों के अपने हालिया दौरों के अनुभव साझा करते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मौजूदा सुरक्षा स्थिति और सुरक्षा तैयारियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने पूर्वी सीमा के खुले क्षेत्रों से उत्पन्न चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए सीमा प्रबंधन और बुनियादी ढांचे को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
राज्यपाल केटी परनाइक ने राज्य सरकार के साथ समन्वय बनाए रखने में सशस्त्र बलों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि मजबूत नागरिक-सैन्य साझेदारी के कारण सीमावर्ती गांवों के विकास को गति मिली है और सुरक्षा के साथ-साथ प्रगति भी सुनिश्चित हो रही है।
राज्यपाल ने तीसरे और चौथे कोर द्वारा नागरिक-सैन्य संबंधों को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नियमित संवाद, सामुदायिक संपर्क कार्यक्रम और सद्भावना पहल दूरदराज के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रहे हैं।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी