Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

यमुनानगर, 17 मई (हि.स.) यमुनानगर जिले के साढौरा क्षेत्र में खेत में घास काटने गए एक युवक की करंट लगने से मृत्यु हो गई। हादसा उस समय हुआ जब खेत में स्थापित बिजली का खंभा अचानक गिर पड़ा और उससे जुड़ी विद्युत तारों युवक को चपेट में ले लिया। मृतक की पहचान गांव सरांवा निवासी 22 वर्षीय इरफान के रूप में हुई है। वह परिवार का इकलौता बेटा था तथा उसकी दो बहनें हैं।
परिजनों के अनुसार इरफान ने बारहवीं तक शिक्षा प्राप्त की थी और इसके बाद परिवार के कार्यों में सहयोग करता था। रविवार सुबह इरफान साइकिल से घर से करीब आधा किलोमीटर दूर खेतों में पशुओं के लिए घास लेने गया था। उसने खेत के बाहर साइकिल खड़ी की और अंदर घास काटने लगा। इसी दौरान खेत में लगा बिजली का खंभा अचानक धराशायी हो गया। खंभे के गिरते ही विद्युत तारें उसके ऊपर आ गिरीं, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में खेत पहुंचे। वहां साइकिल खड़ी मिली, जिसके बाद अंदर जाकर देखा तो इरफान जमीन पर पड़ा था और बिजली की तारें आसपास फैली हुई थीं। बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर साढौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी भेज दिया। परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खंभा पर्याप्त गहराई तक नहीं लगाया गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार