Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

यमुनानगर, 17 मई (हि.स.) यमुनानगर में करीब 53 वर्ष पहले मृत हो चुके व्यक्ति के नाम पर कथित रूप से फर्जी पहचान दस्तावेज तैयार कर करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मृतक के नाम पर एक व्यक्ति को प्रस्तुत कर वर्ष 2017 में फर्जी वसीयत भी तैयार करवाई गई। मामले में पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर एक प्रॉपर्टी कारोबारी समेत अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचना की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जगाधरी निवासी मोहन लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जोती राम उनके पिता के ताऊ थे। वह अविवाहित और निःसंतान थे तथा वर्ष 1973 में जिला कुरुक्षेत्र के लाडवा क्षेत्र स्थित गांव गढ़ी में उनका निधन हो गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके निधन के बाद संपत्ति पर वैधानिक अधिकार परिवार को प्राप्त हुआ। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मॉडल कॉलोनी निवासी धर्म नारायण ने सुनियोजित तरीके से जोती राम के नाम पर आधार कार्ड, पैन कार्ड और मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करवाए। इसके बाद वर्ष 2017 में किसी अन्य व्यक्ति को जोती राम बताकर अपने पक्ष में वसीयत निष्पादित करवाई गई।
शिकायतकर्ता का दावा है कि वसीयत में शामिल गवाहों को भी वास्तविक तथ्यों की जानकारी थी। जांच में यह भी सामने आया कि जिस आधार संख्या का उपयोग किया गया, वह कथित रूप से किसी अन्य व्यक्ति चमन लाल के नाम से संबंधित थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसी आधार संख्या के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दो अलग मृत्यु प्रविष्टियां दर्ज करवाई गईं। मामला न्यायालय पहुंचने पर संबंधित वसीयत निरस्त कर दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार