Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खड़गपुर, 30 अप्रैल (हि. स.)। गुरुवार शाम रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि दक्षिण पूर्व रेलवे की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अलग-अलग घटनाओं में यात्रियों का खोया सामान बरामद कर उन्हें सुरक्षित लौटा दिया। इससे यात्रियों को त्वरित सहायता मिली।
जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को रेल मदद के माध्यम से शिकायत मिली कि ट्रेन संख्या 12859 के एक कोच में नीले रंग का पिट्ठू बैग छूट गया है। सूचना मिलते ही आरपीएफ कर्मियों ने जांच शुरू की और संतरागाछी कोचिंग यार्ड पहुंचकर संबंधित कोच से बैग बरामद कर लिया। यात्री को सूचना दी गई और पहचान पत्र की जांच के बाद बैग उसे सौंप दिया गया।
एक अन्य घटना में ट्रेन संख्या 15629 में यात्रा कर रही एक महिला यात्री का बैग छूट गया था। बताया गया कि वह बालासोर स्टेशन पर पानी लेने के लिए उतरी थीं, लेकिन ट्रेन छूट जाने से वापस नहीं चढ़ सकीं। बाद में हिजली स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ ने कोच की तलाशी लेकर बैग बरामद किया और उसे सुरक्षित रखा।
गुरुवार के दिन बैग की मालिक पूजा बर्मन हिजली स्थित आरपीएफ पोस्ट पहुंचीं। आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद उनका बैग उन्हें लौटा दिया गया। बैग में कपड़ों के साथ एक पुराना लैपटॉप भी था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता