Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी के दौलतपुरा थाना क्षेत्र में दिल्ली-अजमेर एक्सप्रेस हाईवे पर रविवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। चौंप क्रिकेट स्टेडियम के सामने हुए हादसे में एक तेज रफ्तार ट्रेलर के असंतुलित होकर लेन बदलने के दौरान पीछे आ रही थार गाड़ी उससे टकराकर कई बार पलटती हुई ट्रेलर के नीचे जा घुसी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
थानाधिकारी सुनील गोदारा के अनुसार ट्रेलर अचानक संतुलन खो बैठा और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया। इस दौरान थार भी उसके नीचे दब गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों युवक अंदर फंस गए। सूचना पर पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस, स्थानीय लोगों और राहत दल ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू चलाया। दो क्रेन और जेसीबी की मदद से वाहन को काटकर दोनों युवकों को बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल वसीम हसन (32), निवासी बसपूरा, जिला श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं फरजान (26) पुत्र गुलाब नबी को गंभीर हालत में कांवटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों के जयपुर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक गुरुग्राम से जयपुर आ रहे थे। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की कतारें कई किलोमीटर तक लग गईं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश