Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बोकारो, 12 अप्रैल (हि.स.)। गोमिया वन क्षेत्र के जागेश्वर जंगल में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी ठकिनी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह महुआ चुनने के लिए जंगल गई थीं, इसी दौरान हाथियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।
वन विभाग के अनुसार, वर्तमान में जागेश्वर जंगल और आसपास के इलाकों में करीब 12 हाथियों का झुंड सक्रिय है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
विभाग की ओर से मृतका के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में आंशिक नकद सहायता प्रदान की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अस्पताल भेज दिया गया है। विभाग ने बताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नियमानुसार शेष मुआवजा राशि भी जल्द ही परिजनों को दी जाएगी।
इस घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अपील करते हुए कहा है कि लोग महुआ चुनने या किसी भी कार्य से जंगल में प्रवेश न करें, क्योंकि हाथियों का झुंड लगातार क्षेत्र में विचरण कर रहा है।
साथ ही, क्विक रिस्पॉन्स टीम की ओर से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों, विशेषकर पक्के मकानों में रहने की सलाह दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार