Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जौनपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के खेतासराय थाना क्षेत्र के दीदारगंज-खेतासराय मार्ग पर अब्बोपुर गांव के पास रविवार देर शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अब्बोपुर निवासी बिहारी बिंद (60) अपनी मोटरसाइकिल से घर से मुख्य सड़क की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खेतासराय की तरफ से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बिहारी बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार आजमगढ़ जनपद के अरनौला निवासी सागर (25) और सनी राजभर (23) भी घायल हो गए।घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बिहारी बिंद की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का इलाज जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव