Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

दावणगेरे, 01 अप्रैल (हि.स.)।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद बसवराज बोम्मई ने कहा कि राज्य में उपचुनाव के कारण फिलहाल राजनीतिक खींचतान को विराम मिला है, लेकिन मई महीने में सत्ता के लिए जोरदार मुकाबला देखने को मिलेगा।
दावणगेरे में उपचुनाव के मद्देनजर डीसीएम टाउन स्थित श्री वासवी कल्याण मंडप में आयोजित आर्य वैश्य समाज के प्रमुखों की बैठक में भाग लेकर उन्होंने भाजपा उम्मीदवार श्रीनिवास दासकरियप्पा के पक्ष में प्रचार किया और लोगों से समर्थन मांगा।
उन्होंने कहा कि आर्य वैश्य समाज एक अनुशासित और सोच-समझकर निर्णय लेने वाला समाज है। यहां पिछले 30 वर्षों से भाजपा को जीत नहीं मिली है, लेकिन इस बार आपके सही निर्णय से भाजपा की जीत निश्चित होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव राज्य की दिशा और दशा बदलने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार सत्ता के अहंकार में डूबी हुई है और किसी भी समाज का सम्मान नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछड़े वर्गों के विकास के लिए रखे गए 410 करोड़ रुपये को जाति गणना में खर्च कर दिया और पिछड़ा वर्ग निगमों को शून्य बजट दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जाति गणना केवल पिछड़े वर्गों के लिए ही की गई है, अन्य वर्गों के लिए क्यों नहीं?
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के समय अहिंदा वर्ग को आगे आने के लिए कहा जाता है, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पीछे छोड़ दिया जाता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे “भ्रष्ट सरकार” को हटाकर एक बार फिर जनहितकारी भाजपा सरकार को सत्ता में लाने के लिए मतदान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा