Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 08 मार्च (हि.स.)। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने और गलत नीयत से छेड़खानी करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बीते रोज पीडि़त ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री और उसकी सहेली को आरोपित आस मोहम्मद और निखिल बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि दोनों आरोपित लड़कियों को गलत इरादे से चौली स्थित एक शोरूम में ले गए थे।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग लड़कियों की तलाश शुरू की और दोनों को सकुशल बरामद कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों का पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए चालान कर दिया है। आरोपितों के नाम पते आस मोहम्मद पुत्र सत्तार, निवासी ग्राम चौली, कोतवाली भगवानपुर, जनपद हरिद्वार व निखिल पुत्र विजयपाल, निवासी ग्राम खुब्बनपुर, कोतवाली भगवानपुर, जनपद हरिद्वार बताए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला