कार से 6.47 ग्राम हेरोइन बरामद, दो गिरफ्तार
शिमला, 09 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच शिमला पुलिस लगातार तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। राजधानी शिमला में चिट्टा (हेरोइन) की तस्करी रोकने के लिए पुलिस की टीमें रात के समय भी गश्त और निगरानी बढ़ा रही हैं। इसी अ
एनडीपीएस


शिमला, 09 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच शिमला पुलिस लगातार तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। राजधानी शिमला में चिट्टा (हेरोइन) की तस्करी रोकने के लिए पुलिस की टीमें रात के समय भी गश्त और निगरानी बढ़ा रही हैं। इसी अभियान के तहत पुलिस ने देर रात एक कार से चिट्टा बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 मार्च की रात करीब 3 बजे स्पेशल सेल शिमला के प्रभारी इंस्पेक्टर आशीष कौशल अपनी टीम के साथ शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त और नशा रोकथाम अभियान पर थे। पुलिस टीम ओल्ड बस स्टैंड, विक्ट्री टनल और तारादेवी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान करीब 3:05 बजे टुटीकंडी क्रॉसिंग के पास इंस्पेक्टर को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक दूसरे राज्य से चिट्टा लेकर शिमला की ओर आ रहे हैं।

सूचना में बताया गया कि दीपु निवासी घोड़ा चौकी और करण सिंह निवासी चक्कर एक स्विफ्ट कार (नंबर HP63C-8457) में चिट्टा लेकर शहर में पहुंचने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत टुटीकंडी क्रॉसिंग पर नाकाबंदी कर दी और आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी।

कुछ ही देर बाद पुलिस ने बताए गए नंबर की स्विफ्ट कार को रोका। पुलिस ने कार में सवार दोनों युवकों से पूछताछ की और वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 6.470 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी चिट्टा दूसरे राज्य से शिमला ला रहे थे। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नशा किसके लिए लाया जा रहा था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा