Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 08 मार्च (हि.स.)। पिरान कलियर थाना क्षेत्र के इमलीखेड़ा चौकी इलाके में बाइकसवार युवकों के हवाई फायरिंग करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हैl अब पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया हैl
जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर को इमलीखेड़ा क्षेत्र में एक बाइक पर सवार चार युवक एक अन्य बाइक सवार व्यक्ति और महिला के बराबर से गुजरते हुए तमंचे से आसमान की ओर फायर कर देते हैंl फायरिंग की आवाज से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इसी बीच इमलीखेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी नाबालिग बेटी को लगातार धमकी भरे फोन कॉल आ रहे है। पीडि़त का आरोप है कि बादशाहपुर लक्सर निवासी एक युवक अपने दो-तीन साथियों के साथ पहले भी धमकी दे चुका है और शनिवार को भी उसके घर के पास आकर तमंचे से फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। इससे उसकी बेटी की जान को खतरा बना हुआ है।
थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने रविवार को बताया कि तहरीर के आधार पर आज आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देना समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला