चिट्टा तस्करी मामले में शिमला पुलिस की कार्रवाई, चंडीगढ़ से पकड़ा आरोपी
शिमला, 08 मार्च (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करते हुए चिट्टा (हेरोइन) तस्करी से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी पहले पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के विश
एनडीपीएस


शिमला, 08 मार्च (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करते हुए चिट्टा (हेरोइन) तस्करी से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी पहले पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद की गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर सप्लाई चेन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

पुलिस के अनुसार 5 मार्च को थाना सदर शिमला की टीम ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के तरनतारन जिले के अमरकोट गांव के रहने वाले 28 वर्षीय बलजिंदर सिंह और 23 वर्षीय लवप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से करीब 5.990 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया था। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया, जिसके बाद उनसे गहन पूछताछ की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी आधार पर पुलिस को तस्करी के नेटवर्क से जुड़े एक और व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के तरनतारन जिले के अमरकोट गांव के रहने वाले 38 वर्षीय चरणजीत सिंह उर्फ विक्की को चंडीगढ़ के सेक्टर-28सी से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक चरणजीत सिंह का नाम पहले भी नशा तस्करी के मामलों में सामने आ चुका है। उसके खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-36 थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से मामला दर्ज है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि इस मामले में अभी जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नशे की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसे हिमाचल में किन-किन जगहों तक पहुंचाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार नशा तस्करी के खिलाफ जिले में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने और सप्लाई चेन तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

आंकड़ों के मुताबिक इस साल अब तक शिमला जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 68 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 128 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगी, जिससे युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा