Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बर्दवान, 06 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के राज्य संचालित बर्दवान विश्वविद्यालय परिसर के बाहर शुक्रवार को छात्रों के संघ चुनाव कराने और सेमेस्टर परीक्षा परिणाम प्रकाशित करने में कथित देरी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे एसएफआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि माकपा की छात्र इकाई के लगभग 300 कार्यकर्ताओं ने पूर्व बर्दवान जिले में स्थित विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने के लिए पुलिस बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। कुछ प्रदर्शनकारियों ने राजगंज इलाके में विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर चढ़कर अंदर जाने का भी प्रयास किया।
अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेड पार कर आगे बढ़ना चाहते थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया क्योंकि इस जमावड़े से सड़क पर यातायात प्रभावित हो रहा था और आसपास के अन्य कार्यालयों के कामकाज में भी बाधा आ रही थी।
एसएफआई की एक प्रदर्शनकारी छात्रा ने पत्रकारों से कहा कि वे कुलपति या रजिस्ट्रार से मिलकर छात्र संघ चुनाव कराने और सेमेस्टर परीक्षा के परिणाम जल्द से जल्द प्रकाशित करने की मांग वाला ज्ञापन सौंपना चाहते थे। उन्होंने कहा कि हर साल सेमेस्टर परीक्षाएं समय पर हो जाती हैं, लेकिन परिणाम घोषित करने में देरी होती है। इससे सैकड़ों छात्रों के बीच अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो जाती है।
एसएफआई (स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य के उच्च शिक्षा विभाग पर छात्रों के ज्वलंत मुद्दों के प्रति उदासीन रहने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता