Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जांजगीर-चांपा, 06 मार्च (हि. स.)।
थाना चांपा पुलिस ने हत्या की नीयत से टांगी से जानलेवा हमला करने वाले आरोपित को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आज शुक्रवार सुबह आरोपित कीर्तन पटेल पीड़ित सुखराम पटेल के घर के पास आकर गाली-गलौज कर रहा था। मना करने पर आरोपित आवेश में अपने घर गया और वहां से छोटा टांगी लेकर आया। इसके बाद उसने सुखराम पटेल को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 90/26 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और घटना में प्रयुक्त टांगी को अपने घर से निकालकर पुलिस के हवाले किया, जिसे जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपित कीर्तन पटेल (32 वर्ष), निवासी कुरदा, थाना चांपा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक बीपी खांडेकर तथा आरक्षक मुंद्रिका दुबे, वीरेश सिंह, गौरीशंकर रॉय, खेमचरण राठौर और कैलाश यादव का सराहनीय योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT