Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली/तेहरान, 03 मार्च (हि.स.)। ईरान के उत्तर-पश्चिमी शहर उर्मिया में ताजा हवाई हमलों के बाद वहां पढ़ रहे भारतीय छात्र भय और असुरक्षा के माहौल में हैं। जम्मू और कश्मीर छात्र संघ (जेकेएसए) ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से तत्काल हस्तक्षेप कर छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय संयोजक नासिर खुहेमी के अनुसार, हालिया एयरस्ट्राइक उर्मिया यूनिवर्सिटी के लड़कों के हॉस्टल से करीब 300 मीटर दूर हुई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरी इमारत हिल गई। छात्रों ने बताया कि हर घंटे फाइटर जेट्स की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिससे दहशत और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
जेकेएसए ने विदेश मंत्रालय और तेहरान स्थित भारतीय दूतावास से स्थिति का तत्काल आकलन कर छात्रों को अपेक्षाकृत सुरक्षित शहरों में स्थानांतरित करने की अपील की है। एयरस्पेस सामान्य होने तक अस्थायी पुनर्वास और आवश्यकता पड़ने पर आपातकालीन ट्रांजिट व्यवस्था की मांग भी की गई है।
एसोसिएशन ने कहा कि समय रहते ठोस और संरचित कदम उठाना आवश्यक है, ताकि संभावित मानवीय संकट से बचा जा सके और छात्रों व उनके परिवारों को राहत मिल सके।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय