Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 07 फ़रवरी (हि.स.)। 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस (आईजीआई) ने पुरुष और महिला—दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में जगह बना ली है।
पुरुष वर्ग का हाल
पुरुष वर्ग में श्याम लाल कॉलेज (प्रातः), श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, श्याम लाल कॉलेज ‘बी’ और इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
एक अहम मुकाबले में श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ने किरोड़ी मल कॉलेज को 4-2 से पराजित किया। खालसा कॉलेज के लिए मनीष ने दो गोल किए, जबकि तनुज और सागर ने एक-एक गोल जोड़ा। किरोड़ी मल कॉलेज की ओर से समर ने दोनों गोल दागे। शानदार प्रदर्शन के लिए खालसा कॉलेज के दानिश को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
एक अन्य मुकाबले में एमिटी यूनिवर्सिटी ने श्याम लाल कॉलेज (सांध्य) को 7-0 से एकतरफा मुकाबले में हराया। एमिटी के मोहित ने चार गोल कर मैच पर पूरी तरह कब्जा जमाया, जबकि अग्रिम, वरुण और ईशान ने एक-एक गोल किया। तेजपाल को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
महिला वर्ग में आईजीआई और डीयू एलुमना का दबदबा
महिला वर्ग में इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस, जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज (जेडीएम), श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज (एसपीएम) और दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना ने सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
आईजीआई ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज को 3-0 से हराया। हालांकि विजेता टीम की खुशी ने तीनों गोल किए, लेकिन बेहतरीन खेल के लिए हेमा नेगी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
डीयू एलुमना का प्रभावशाली प्रदर्शन
दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना ने विवेकानंद कॉलेज को 4-1 से हराया। नीलम शर्मा और सोनिका यादव ने दो-दो गोल किए, जबकि विवेकानंद कॉलेज के लिए सोनिया भाटिया ने एकमात्र गोल किया। नीलम शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।
एक अन्य लीग मैच में डीयू एलुमना ने भारती कॉलेज को 5-0 से मात दी। इस मुकाबले में सोनू शर्मा और विधि ने दो-दो गोल किए, जबकि नीलम ने एक गोल दागा। सोनू शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टूर्नामेंट अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है और सेमीफाइनल मुकाबलों में कड़ा संघर्ष देखने को मिलने की पूरी उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे