Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नोएडा, 04 फ़रवरी (हि.स.)। थाना जेवर क्षेत्र के दयौरार गांव में बुधवार को मां-बेटे के बीच झगड़ा हो गया। इस बीच बेटे ने डंडे और परात से सिर पर वार कर अपनी मां की हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय सुधीर कुमार ने बताया कि दौयरार गांव में वीरेंद्र सिंह परिवार के साथ रहते हैं। वीरेंद्र सिंह की 55 वर्षीय पत्नी रुक्मणी का बुधवार को अपने 25 वर्षीय बेटे कृष्ण कुमार से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसी बीच कृष्ण ने डंडे और परात से रुक्मणी पर हमला कर दिया। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।
उन्होंने बताया कि आस-पड़ोस के लोगों ने महिला को नजदीक के अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उनके मुताबिक महिला के पति की शिकायत पर आरोपित बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपित कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उन्होंने बताया कि वीरेंद्र ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि उनका बेटा कृष्ण कुमार काफी समय से मानसिक रूप से बीमार है। उसका कई जगह से इलाज कराया, लेकिन कोई आराम नहीं मिला। पिछले लगभग 10 दिनों से वह घर भी नहीं आ रहा था। वे मंगलवार की शाम को ही उसे घर लेकर आए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी