Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बिश्केक/ब्रसेल्स, 03 फरवरी (हि.स.)। किर्गिस्तान ने मंगलवार को जानकारी दी कि यूरोपीय संघ (ईयू) के प्रतिबंध मामलों के दूत डेविड ओ’सुलिवन 26 फरवरी को बिश्केक का दौरा करेंगे। यह घोषणा ऐसे समय आई है जब हालिया रिपोर्टों में कहा गया कि यूरोपीय संघ किर्गिस्तान को कुछ वस्तुओं के निर्यात पर रोक लगाने पर विचार कर रहा है। आरोप है कि इनका इस्तेमाल रूस पर लगे प्रतिबंधों से बचने में हो सकता है।
किर्गिस्तान सरकार के बयान के मुताबिक उप-प्रधानमंत्री दानियार अमांगेल्दियेव और ईयू दूत ओ’सुलिवन के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने प्रतिबंध से जुड़े मुद्दों पर “रचनात्मक और सार्थक संवाद” जारी रखने पर सहमति जताई। सरकार ने कहा कि आगे की विस्तृत चर्चा ओ’सुलिवन की बिश्केक यात्रा के दौरान होगी। इस दौरे को दोनों पक्षों के बीच भरोसा बढ़ाने और व्यापार से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर स्पष्टता लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
रिपोर्टों के अनुसार यूरोपीय संघ अपने “एंटी-सैंक्शंस एवेजन” तंत्र का इस्तेमाल करते हुए कुछ श्रेणियों के सामान के निर्यात पर रोक जैसे सख्त कदमों पर विचार कर रहा है। हालांकि, किर्गिस्तान ने संकेत दिया है कि वह ईयू के साथ सहयोग और संवाद के जरिए समाधान चाहता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मध्य एशिया के देशों के साथ ईयू की बातचीत आने वाले समय में और तेज हो सकती है, क्योंकि रूस से जुड़े प्रतिबंधों के अनुपालन को लेकर यूरोप सतर्क रुख अपनाए हुए है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय