Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली,16 फरवरी (हि.स)। अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर अच्छी खबर है। वैश्विक आर्थिक दबावों के बावजूद देश का निर्यात जनवरी माह में सालाना आधार पर 0.61 फीसदी बढ़कर 36.56 अरब डॉलर हो गया है। निर्यात में यह बढ़ोतरी वैश्विक चुनौतियों के बीच सकारात्मक संकेत है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को जारी आंकड़ों में बताया कि देश का निर्यात जनवरी में सालाना आधार पर 0.61 फीसदी बढ़कर 36.56 अरब डॉलर हो गया। जनवरी में आयात 19.2 फीसदी बढ़कर 71.24 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 59.77 अरब डॉलर था। आयात में इस तेज बढ़ोतरी के कारण जनवरी में व्यापार घाटा बढ़कर 34.68 अरब डॉलर पर पहुंच गया। व्यापार घाटे से आशय आयात और निर्यात के बीच के अंतर से है।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि देश का निर्यात वस्तुओं एवं सेवाओं दोनों श्रेणियों में बढ़त का रुझान दिखा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वित्त वर्ष 2025-26 में वस्तुओं एवं सेवाओं का कुल निर्यात 860 अरब डॉलर के स्तर को पार कर सकता है। अग्रवाल ने बताया कि लगातार बढ़ता निर्यात देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारत की स्थिति बेहतर हो रही है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष 2025-26 के पहले 10 महीने (अप्रैल-जनवरी) के दौरान देश का वस्तु निर्यात 2.22 फीसदी बढ़कर 366.63 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर