Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 15 फरवरी (हि.स)। भारत और ब्रिटेन के बीच जुलाई, 2025 में हस्ताक्षरित मुक्त व्यापार समझौता (सीईटीए) के इस साल अप्रैल में लागू होने की प्रबल संभावना है। इसके तहत भारतीय निर्यातकों को यूके में 99 फीसदी उत्पादों पर (शून्य शुल्क यानी शुल्क मुक्त) पहुंच मिलेगी, जबकि कारों और व्हिस्की पर शुल्क कम होगा।
आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को दी गई जानकारी में बताया कि दोनों देश इसे अंतिम रूप देने के लिए काम कर रहे हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले साल जुलाई में हुए भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता इस साल अप्रैल में लागू होने की संभावना है। हालांकि, इस समझौते पर ब्रिटिश संसद की मुहर लगना अभी बाकी है।
अधिकारी ने बताया, ”हमें इस समझौते के अप्रैल में लागू होने की उम्मीद है।” दोनों देशों ने दोहरा अंशदान संधि (डीसीसी) पर भी हस्ताक्षर किए हैं, ताकि अस्थायी कर्मचारी किसी भी देश में दो बार सामाजिक कर न दें। अधिकारी ने बताया कि दोनों समझौते एक साथ लागू किए जा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत और ब्रिटेन ने 24 जुलाई, 2025 को वृहद आर्थिक और व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत भारत के 99 फीसदी उत्पाद यूके में बिना शुल्क के भेजे जा सकेंगे, जबकि भारत में ब्रिटेन से आने वाली कारों और व्हिस्की पर कम शुल्क लगेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर