Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 15 फरवरी (हि.स.)। जिला के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा मोहल्ला जंगलपारा में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय बालक की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक बालक की पहचान रोशन कंवर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार रोशन कंवर कोथारी कचोरा का रहने वाला था। उसके पिता विष्णु कंवर मजदूरी और खेती का काम करते हैं। रोशन कुछ दिनों से अपने रिश्तेदारों के यहां तरदा गांव आया हुआ था। रविवार दोपहर वह अपनी मामी और नानी के साथ नहाने के लिए नहर पर गया था। नहाते समय उसने कथित तौर पर कहा कि उसे तैरना आता है और इसी दौरान वह तेज बहाव वाली नहर में कूद गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहर का बहाव काफी तेज था। बालक को पानी में कूदते ही धारा बहाकर ले गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी और वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।
घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने बालक की तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव पंतोरा के पास बरामद किया गया, जो जांजगीर-चांपा जिला क्षेत्र में आता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी