Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। रेलबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर छीनी गई सोने की चेन बरामद करते हुए शनिवार को न्यायलय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त छावनी प्रियंका बाजपेयी ने बताया कि दो अक्टूबर की सुबह श्यामनगर निवासी त्रिभुवन जैन अपनी पत्नी नीलम के साथ स्कूटी से जनरलगंज स्थित जैन मंदिर जा रहे थे। सीओडी पुल से उतरने के बाद हनुमान मंदिर के पास बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से आकर महिला के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन छीनकर भाग निकले। झपट्टा लगने से महिला को चोट भी आई थी। घटना की तहरीर पर रेलबाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को आरोपितों की तलाश में लगाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे कैमरों से संदिग्धों के आने-जाने के रास्ते और गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान योगेश उर्फ अंकित कश्यप निवासी घाऊखेड़ा, चकेरी और दानिश निवासी मैकूपुरवा, जाजमऊ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों स्थानीय गोल्फ क्लब में हेल्पर का काम करते थे। उनके कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चेन बरामद हुई है। पुलिस दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप