Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

उर्स मेले में दिखा आस्था का अनूठा संगम, परिवार ने दरगाह साबिर पाक में अमन-चैन की मांगी दुआ
हरिद्वार, 16 अगस्त (हि.स.)। पिरान कलियर स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक का 758वां सालाना उर्स शुरू होने के साथ ही देशभर से जायरीन जियारत के लिए पहुंच रहे हैं। उर्स मेले में आस्था के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच पंजाब से पहुंचा एक परिवार भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल जी को अपने साथ लेकर कलियर पहुंचा, जिसे देखकर वहां मौजूद जायरीनों और अन्य लोगों में उत्सुकता दिखाई दी।
14 अगस्त की देर शाम चांद दिखाई देने के बाद देर रात उर्स की पहली रस्म मेहंदी डोरी का आयोजन हुआ और 758वें सालाना उर्स का आगाज हुआ। शनिवार को पंजाब के बालोंगी, मोहाली (चंडीगढ़) से रूबी के नेतृत्व में एक परिवार देर शाम दरगाह साबिर पाक की जियारत करने पिरान कलियर पहुंचा। परिवार अपने साथ लड्डू गोपाल जी को भी लेकर आया था।
परिवार की मुखिया रूबी ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य जियारत के लिए कलियर आ रहे थे। ऐसे में लड्डू गोपाल जी को घर पर अकेला छोड़ना उन्हें उचित नहीं लगा, इसलिए वह उन्हें भी अपने साथ लेकर आईं। उन्होंने बताया कि लड्डू गोपाल जी उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनकी धार्मिक आस्था से जुड़े हुए हैं। परिवार जब भी किसी धार्मिक यात्रा पर जाता है तो उन्हें अपने साथ रखने का प्रयास करता है।
रूबी ने बताया कि उनका परिवार पहले भी पिरान कलियर आ चुका है। यहां पहुंचकर उन्हें काफी अच्छा लगता है और उर्स के दौरान कलियर का माहौल उन्हें विशेष रूप से आकर्षित करता है। इस बार लड्डू गोपाल जी को साथ लेकर पहुंचने से उनकी यात्रा और भी खास हो गई। परिवार के साथ लड्डू गोपाल जी को देखकर वहां मौजूद लोगों ने उनसे बातचीत की और कई लोगों ने तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस अनूठे आस्था के दृश्य को लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया। इसके बाद परिवार ने दरगाह साबिर पाक में जियारत कर अमन-चैन और देश में खुशहाली की दुआ मांगी। इस दौरान ज्योति, अंजू, संजोती, रानी समेत परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला