Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- 17 अगस्त को जिला महिला चिकित्सालय में होगा कार्यक्रम, दिव्यांगों और बुजुर्गों को मिलेंगे मुफ्त सहायक उपकरण
मीरजापुर, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग और भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलीम्को) की ओर से मीरजापुर में प्रधानमंत्री दिव्याशा-वयोश्री केंद्र की शुरुआत की जाएगी। केंद्र का उद्घाटन 17 अगस्त को केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल करेंगी।
जिला महिला चिकित्सालय में सोमवार को दोपहर 12 बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम में एडिप योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे। केंद्र के शुरू होने से जिले के पात्र लोगों को सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी कम होगी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री भारत सरकार अनुप्रिया पटेल होंगी। कार्यक्रम में नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र, छानबे विधायक रिंकी कोल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, चुनार विधायक अनुराग सिंह, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, विधान परिषद सदस्य श्याम नारायण सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
एलीम्को के तत्वावधान में जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में पात्र दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे चलने-फिरने, सुनने और दैनिक जीवन के कार्यों में सहायता मिलने के साथ उनकी आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
केंद्र के माध्यम से जरूरतमंदों को योजनाओं की जानकारी और सहायक उपकरणों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम और सम्मानजनक बनाना है। उक्त जानकारी जिला प्रशासन की ओर से दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा