Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जौनपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बदलापुर विकास खण्ड अंतर्गत सावन माह के पावन अवसर पर आज दो दिवसीय शिव कांवड़ यात्रा शुरु हुई। चौरेश्वर नाथ धाम छंगापुर पर जलाभिषेक और दर्शन पूजन करने के साथ इस शिव कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया गया। कांवड़ यात्रा 16 अगस्त रविवार को सुबह 8 बजे चौरेश्वर महादेव धाम (छंगापुर) स्थित आदि गंगा गोमती तट से शुरू हुई। श्रद्धालु यहां पवित्र स्नान कर जल भरकर और भगवान शिव का जलाभिषेक किये।
इस अवसर पर बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि लोगों के बीच में हमने कांवड़ यात्रा निकालने का प्रस्ताव रखा था, यह कांवडॄ यात्रा बदलापुर के लोगों के सहयोग से निकाली जा रही है। बदलापुर दो नदियों के बीच में है । इसलिए बदलापुर को जिला बनाने की मांग की जायेगी। यह यात्रा विभिन्न गांवों और बाजारों से गुजरते हुए दूसरे दिन करसूलनाथ धाम (सई नदी तट, कंधी) पहुंचेगी। पहले दिन की यात्रा चौरेश्वर महादेव धाम से प्रारंभ होकर गठाना मोड़, छंगापुर नहर चौराहा, लेदुका, प्राणपट्टी, मसनपुर बाजार, मछलीगांव, बदलापुर खुर्द बाजार ,दुर्गा मंदिर पर दर्शन पूजन बदलापुर, कमला नगर चौराहा, चकमोलनापुर, चकरियहवा घाट पर स्थित शिव मंदिर पर जलाभिषेक और दर्शन पूजन के साथ कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जायेगी। विद्यावती रिसार्ट पर रात्रि विश्राम व भजन संध्या का आयोजन किया जायेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रवीन्द्र कुमार मिश्र