Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

महोबा, 16 अगस्त (हि.स.)। यूपी के महोबा में संत कबीर सत्संग समिति के तत्वावधान में रविवार को कटखुलवा स्थित कबीर आश्रम में सत्संग और कबीर वंदना का आयोजन किया गया। सत्संग में श्री राम नाम की महिमा का बखान करते हुए दुखदाई व्यसनों को त्यागकर परमात्मा राम का अमृत रूपी नशा ग्रहण करने की लोगों से अपील की है।
रविवार को कबीर आश्रम में संत कबीर सत्संग समिति द्वारा सत्संग समिति प्रमुख साईं डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एल.सी. अनुरागी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कबीर के दोहे आन अमल सब त्यागि के, राम अमल जब खाय। जन कबीर भौजै भरम, और न कछू सुहाय की व्याख्या करते हुए कहा कि अफीम, भांग, शराब, बीड़ी-सिगरेट, तम्बाकू तथा अन्य सभी प्रकार के दुखदाई व्यसनों को त्यागकर जब परमात्मा श्री राम का अमृत रूपी नशा ग्रहण किया जाता है, तब सभी प्रकार के अज्ञान भाग जाते हैं और भक्ति-सुख रूपी नशे के अतिरिक्त कुछ नहीं सुहाता।नशा को छोड़कर राम नाम का नशा अपनाएं। इसके आगे दुनिया के सभी स्वाद फीके हैं।
कार्यक्रम में भजन गायक इन्द्रजीत ने सीता राम दरस रस बरसे जैसे सावन की झड़ी भजन प्रस्तुत किया। पंडित आशाराम तिवारी, राम आसरेसेन, रामेश्वर चौरसिया, साध्वी सुनीता अनुरागी ने भी भजन प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी