Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


गोरखपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। देश के विभाजन की त्रासदी और 14 अगस्त 1947 की असहनीय पीड़ा को याद करते हुए शुक्रवार को गोरखपुर के एनेक्सी भवन में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नोएडा के विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पंकज सिंह ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विभाजन के दौर की घटनाओं, संघर्षों और विस्थापन की वेदना को दर्शाती प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए अतिथियों ने उन लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने देश के बंटवारे के दौरान अपना घर, परिवार और जीवन खो दिया था।
मुख्य अतिथि पंकज सिंह ने कहा कि विभाजन केवल भूभाग का बंटवारा नहीं था, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं, संस्कृतियों और परिवारों के टूटने की एक ऐसी त्रासदी थी, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास का यह अध्याय हमें राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और अखंडता की भावना को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को विभाजन की वास्तविकता और उसके परिणामों के बारे में जानकारी देना आवश्यक है, ताकि समाज में एकता और भाईचारे की भावना सदैव बनी रहे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। इसलिए क्योंकि उन लाखों लोगों के संघर्ष और बलिदान को सम्मान दिया जा सके जिन्होंने देश के विभाजन का दर्द झेला। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि देश की एकता और अखंडता के लिए हम सदैव समर्पित रहेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि विभाजन की घटनाएं भारतीय इतिहास का सबसे पीड़ादायक अध्याय हैं। लाखों लोगों ने अपना सब कुछ खो दिया लेकिन उन्होंने नए भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध जगाने का कार्य करते हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि इतिहास की घटनाओं को याद रखना इसलिए आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा उत्पन्न न हों। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता और सामाजिक समरसता में निहित है और सभी को मिलकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष रमेश चंद गुप्ता, विधायक ग्रामीण विपिन सिंह, आशु सिंह, सतेंद्र सिंह, पार्षद अशोक मिश्रा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभाजन के दौरान पीड़ित हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय एकता का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय