Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


-बलिदानी अमित अणथ्वाल के परिजनों से मिले मुख्यमंत्री
-परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी,मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण
देहरादून, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में सुबह 10 बजे राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर बलिदानियों, वीर-वीरांगनाओं और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया।
राज्यपाल ने नागरिकों से ‘राष्ट्र प्रथम’, ‘नशामुक्त भारत’ और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को नए संकल्प और समर्पण के साथ निभाने का अवसर भी है। उन्होंने युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, साइबर, क्वांटम और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे उभरते क्षेत्रों से जोड़ने तथा शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने नशामुक्त भारत के निर्माण में परिवार, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों, शिक्षकों और युवाओं की सामूहिक भागीदारी को जरूरी बताया। उन्होंने उत्तराखंड में योग, आयुर्वेद, जैविक कृषि, औद्यानिकी, सुगंधित कृषि, वेलनेस, साहसिक पर्यटन और इको-टूरिज्म की संभावनाओं को रोजगार एवं आर्थिक अवसरों में बदलने पर भी जोर दिया। राज्यपाल शनिवार को लोक भवन में सुबह नौ बजे ध्वजारोहण करेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी सैन्य परंपरा, वीरता और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली विरासत के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में करीब दो लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने औद्योगिक निवेश, सीमांत क्षेत्रों के विकास, स्थानीय उत्पादों के विपणन और कृषि क्षेत्र में सेब, कीवी, ड्रैगन फ्रूट तथा सुगंधित कृषि को बढ़ावा देने का उल्लेख किया।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। उन्होंने सख्त भू-कानून, नकल विरोधी कानून और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में सरकारी सेवाओं में करीब 34 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष अब तक 47 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण और महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से उत्तराखंड को आदर्श, विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इससे पहले स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून के भाऊवाला स्थित बलिदानी अमित कुमार अणथ्वाल के निवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से भेंट की। उन्होंने बलिदानी के पिता नागेंद्र प्रसाद अणथ्वाल सहित परिवार के सदस्यों की कुशलक्षेम जानी और उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ब िलदानी परिवारों का सम्मान पूरे समाज और राष्ट्र का सम्मान है और राज्य सरकार बलिदानियों के परिवारों के साथ सदैव खड़ी है।
गौरतलब है कि पौड़ी गढ़वाल के कल्जीखाल विकासखंड के ग्राम क्वाला निवासी अमित कुमार अणथ्वाल ने अप्रैल 2020 में जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके वीरतापूर्ण योगदान के लिए उन्हें मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित किया गया।
राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों,उत्कृष्ट खिलाड़ियों और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे। जिला प्रशासन के अनुसार परेड ग्राउंड में सुरक्षा,यातायात,साफ-सफाई, बैठने और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी और देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय