Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। कानपुर के विकास कार्यों को और गति देने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग लगातार मिल रहा है। शहर में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को दी गई है। साथ ही उन्हें कानपुर आने का निमंत्रण भी दिया गया, जिस पर उन्होंने जल्द ही शहर आने का आश्वासन दिया। यह बातें बुधवार को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।
सांसद रमेश अवस्थी ने परिवार समेत दिल्ली स्थित परिवार सहित केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान गृहमंत्री ने उनके पूरे परिवार को स्नेहिल आशीर्वाद प्रदान किया। सांसद ने कहा कि यह उनके परिवार के लिए अत्यंत गौरव और प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान कानपुर में चल रहे विकास कार्यों, जनहित की परियोजनाओं तथा शहर के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर केंद्रीय गृहमंत्री को विस्तार से अवगत कराया गया। साथ ही उन्हें कानपुर आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया गया, जिसे स्वीकार करते हुए उन्होंने जल्द ही कानपुर आने का आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि गृहमंत्री का यह आश्वासन कानपुर के विकास कार्यों को नई गति देने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
रमेश अवस्थी ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन, स्नेह और ऊर्जावान सानिध्य उन्हें जनसेवा और राष्ट्रसेवा के संकल्प को और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की निरंतर प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि कानपुर के विकास और जनहित से जुड़े विषयों को लेकर उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा तथा केंद्र सरकार के सहयोग से शहर के विकास को नई दिशा देने का कार्य आगे भी किया जाता रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप