Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पश्चिम मेदिनीपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले में सोमवार को विभिन्न घटनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर दिनभर गतिविधियां जारी रहीं। नारायणगढ़ में नदी से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने, अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों के घायल होने, पर्यावरण संरक्षण संबंधी पहल, श्रावण मास के धार्मिक आयोजन तथा दासपुर में साइबर जागरूकता एवं बाल विवाह निरोधी कार्यक्रम ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के मकरामपुर ग्राम पंचायत के सितली इलाके में केलेघाई नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का पचागला शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए खड़गपुर महकमा अस्पताल भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान तथा मृत्यु के कारणों की जांच कर रही है।
इसी दिन नारायणगढ़ के काशीपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। मारकुंडा गांव में एक बाजा पार्टी का वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जबकि मेट्याल क्षेत्र में जल लेने जा रहे एक युवक को इंजन चालित ट्रॉली ने टक्कर मार दी, जिससे उसके दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं। घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए अन्यत्र भेजा गया है।
पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से नारायणगढ़ में स्थानीय सामाजिक संगठनों की पहल पर सड़क किनारे उगे पार्थेनियम पौधों को हटाकर वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान स्थानीय युवाओं और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर नारायणगढ़ के विधायक रमाप्रसाद गिरी ने खुड़शी क्षेत्र के सियाड़ा शिव मंदिर में नवनिर्मित नाट मंदिर का उद्घाटन किया और भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
उधर, पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस की ओर से दासपुर थाना के पहल पर सोनाखाली हाई स्कूल में साइबर जागरूकता और बाल विवाह निरोधी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना, आईपीएस उपस्थित रहीं। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खड़गपुर) डॉ. बुशरा बानो, आईपीएस, घाताल के अनुमंडल पुलिस अधिकारी सप्तर्षि भट्टाचार्य तथा अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी से बचने के उपाय, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, बाल विवाह के दुष्परिणाम तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता