Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 21 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में इन दिनों मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर वर्षा का दौर जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक राज्यभर में आकाश में बादल छाए रहेंगे तथा गरज के साथ हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मंगलवार को राज्य का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। सोमवार शाम पश्चिम मेदिनीपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा हुई। खड़गपुर और मेदिनीपुर शहर में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हुई, जिससे सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं, बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर तथा झाड़ग्राम जिले में भी अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई। पूर्व मेदिनीपुर जिले के कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है और निचले क्षेत्रों में पानी भरने की खबर है। मंगलवार सुबह से भी आसमान में घने बादल छाए हुए हैं, जिससे दिनभर फिर से वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।
हिमालय की तलहटी से जुड़े जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में मानसून का प्रभाव सबसे अधिक देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए भारी से अत्यंत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।
राजधानी कोलकाता तथा इसके आसपास के जिलों हावड़ा, हुगली और उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। दिनभर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। वातावरण में आर्द्रता का स्तर 90 प्रतिशत से अधिक रहने के कारण वर्षा के बीच उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
दीघा और सुंदरबन सहित तटीय क्षेत्रों में 8 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ समुद्र में हलचल बनी हुई है। इसे देखते हुए मछुआरों को सतर्क रहने तथा समुद्र में जाने से पहले मौसम संबंधी ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता