Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सागर, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी स्थित शासकीय सांदीपनि उच्च माध्यमिक विद्यालय का नवनिर्मित भवन पहली ही बारिश में जल रिसाव की समस्या से जूझता नजर आया है। करीब 36.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस भवन का कुछ माह पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकार्पण किया था। अब बारिश के दौरान भवन के विभिन्न हिस्सों से पानी टपकने की शिकायतें सामने आने के बाद निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, बारिश के दौरान विद्यालय के कई कक्षों, स्मार्ट क्लासरूम और कंप्यूटर लैब की छतों से पानी का रिसाव हुआ। उस समय कक्षाओं में पढ़ाई चल रही थी, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को असुविधा का सामना करना पड़ा। कंप्यूटर लैब में पानी पहुंचने से वहां रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई जा रही है।
विद्यालय में लगभग तीन हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। पहली ही बारिश में भवन में जल रिसाव की स्थिति सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि यदि प्रारंभिक बारिश में ही ऐसी स्थिति है तो लगातार वर्षा के दौरान समस्या और गंभीर हो सकती है। साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भवन निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में उपयोग की गई सामग्री, तकनीकी परीक्षण और भवन हस्तांतरण की प्रक्रिया की जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी, ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
स्थानीय नागरिकों ने विद्यालय भवन की शीघ्र मरम्मत और प्रभावी वॉटरप्रूफिंग कराकर विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
मामले को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, विद्यालय प्रबंधन ने भी इस संबंध में सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है। ऐसे में अब जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे