Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कठुआ, 20 जुलाई (हि.स.)। डीसी कठुआ डॉ. राजेश शर्मा ने सोमवार को जिला अधिकारियों की बैठक लेकर स्वतंत्रता दिवस-2026 के सफल आयोजन हेतु तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि मुख्य समारोह स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में आयोजित होगा जहां मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और मार्च-पास्ट की सलामी लेंगे। परेड में पुलिस, सेना, अर्धसैनिक बल, वन सुरक्षा बल, एनसीसी और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भाग लेंगे।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थल की मरम्मत, सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था व अन्य सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। समारोह की शुरुआत उपायुक्त व एसएसपी कार्यालय में शहनाई वादन से होगी। उन्होंने स्कूलों-कॉलेजों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन, सरकारी भवनों की सजावट, सफाई अभियान और पौधारोपण गतिविधियों को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा, एडीसी महिमा मदान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया