राज्य का दर्जा बहाल करो-एनसी का कठुआ में प्रदर्शन, केंद्र पर वादाखिलाफी का आरोप
कठुआ, 20 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर नेशनल कांफ्रेंस (एनसी) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कठुआ में जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ धरना दिया। जिला सचिवालय के समक्ष आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृ
Restore statehood – NC protests in Kathua, accuses Centre of reneging on promises.


कठुआ, 20 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर नेशनल कांफ्रेंस (एनसी) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कठुआ में जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ धरना दिया। जिला सचिवालय के समक्ष आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व एनसी के वरिष्ठ नेता के के बक्शी और सुभाष कुमार ने किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राज्य का दर्जा जल्द बहाल करने की मांग उठाई। नेताओं ने कहा कि जिस तरह पार्टी के मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक दिल्ली में राज्य के दर्जे की बहाली को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं उसी कड़ी में कठुआ में भी विरोध प्रदर्शन किया गया है। नेताओं ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के लोगों से वादा किया था कि चुनाव के बाद राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा लेकिन लगभग दो साल बीत जाने के बावजूद यह वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र की इस वादाखिलाफी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। एनसी नेताओं ने कहा कि वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में दोहरी व्यवस्था जैसी स्थिति बनी हुई है जहां एक ओर उपराज्यपाल का प्रशासन है और दूसरी ओर निर्वाचित सरकार, जिसके कारण आम लोगों के काम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी बढ़ रही है और विकास कार्य ठप पड़े हैं जिससे जनता परेशान है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल किया जाए ताकि क्षेत्र में अमन, शांति और विकास को फिर से गति मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया